रियासत में कड़ाके की सर्दी से जनजीवन प्रभावित होने लगा है। हवाई और ट्रेन सेवा पर भी कोहरे की लगातार मार पड़ रही है। राज्य की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में न्यूनतम 3.7 डिग्री सेल्सियस पारे के साथ इस सीजन की सबसे सर्द रात बीती।
लेह माइनस 10.2 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ सबसे सर्द रहा। मौसम विभाग के अनुसार अगले 10-11 दिसंबर को कश्मीर और जम्मू में मौसम का मिजाज बदलेगा। इसमें पर्वतीय इलाकों में बर्फबारी के साथ मैदानी इलाकों में हलकी बारिश हो सकती है।
घाटी के अधिकांश हिस्सों में रात का पारा सामान्य से 3 से 4 डिग्री सेल्सियस लुढ़क गया है। हालांकि कश्मीर के अधिकतर हिस्सों में दिन का अधिकतम तापमान सामान्य से 5 से 7 डिग्री ऊपर चल रहा है।
श्रीनगर में बीती रात न्यूनतम तापमान सामान्य से चार डिग्री नीचे रहा। इसी तरह पहलगाम में माइनस 3.8, कुपवाड़ा में माइनस 4.5, गुलमर्ग में 1.4 डिग्री सेल्सियस पारा रहा। पिछले ढाई माह से राज्य के लोगों को बारिश का इंतजार है।
सूखी ठंड के कारण बुखार, खांसी, जुकाम से जुड़े रोग पनप रहे हैं। डाक्टरों के अनुसार खुश्क सर्दी से बच्चे और बुजुर्ग ज्यादा प्रभावित हैं।