जम्मू-कश्मीर के राजोरी जिले की बुद्धल तहसील के केवल इलाके में रविवार को एक भीषण सड़क हादसे में वाहन के खाई में गिरने से 7 यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 3 अन्य घायल हो गए। मरने वालों में चालक भी शामिल है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, टेम्पो ट्रैवलर (जेके02एयू /8910) राजोरी से रियासी जिले के चसाना क्षेत्र की ओर जा रहा था। टेम्पो जब बुद्धल के केवल क्षेत्र में पहुंचा तो एक तीव्र मोड़ पर चालक अपना संतुलन खो बैठा। इसके बाद टेम्पो करीब 400 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। इस दर्दनाक सड़क हादसे में 3 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक सहित 7 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचित करने के साथ बचाव व राहत कार्य शुरू कर दिया। पुलिस के साथ-साथ सेना के जवान भी घटनास्थल पर पहुंचे। कड़ी मशक्कत के बाद सभी घायलों को कोटरंका के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया।
बीएमओ कोटरंका डॉ. इकबाल मलिक के अनुसार, अस्पताल में तीन लोगों को मृत लाया गया था जबकि एक अन्य की मौत उपचार के दौरान हुई थी। वहीं 6 घायलों को कोटरंका से प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया, इस दौरान एक अन्य घायल ने रास्ते में दम तोड़ दिया, जबकि अन्य 2 घायलों की मौत जिला अस्पताल पहुंचने पर हुई।
चेहरे पहचानना हुआ मुश्किल
मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने बताया कि टेम्पो के खाई में गिरने से उसके परखच्चे उड़ गए व जिन लोगों की मौके पर मौत हुई है उनके चहरे तक पहचान में नहीं आ रहे थे।
इनकी हुई मौत
वाहन चालक,कुलवंत सिंह निवासी कंगोटा (राजोरी), मोहम्मद ताज निवासी मेंढर(पुंछ), अब्दुल रशीद निवासी दरहाल (राजोरी),, सूनीत सिंह निवासी तूली (राजोरी), मोहम्मद फारूक निवासी रियासी , मोहम्मद मंजूर निवासी बुद्धल (राजोरी), कैलाश देवी निवासी चसाना (रियासी)।