संवाद न्यूज एजेंसी
कोट भलवाल। एक बार फिर कोट भलवाल जेल में बड़ी सुरक्षा चूक सामने आई है। कैदियों की बैरक से सोमवार को एक टूटा हुआ मोबाइल फोन बरामद हुआ है। उक्त मोबाइल फोन को साइबर सेल के पास भेज दिया गया है। वहीं जेल परिसर में सीआईएसएफ की ओर से सर्च ऑपरेशन चलाया गया।
मौजूदा समय में इस जेल में कई खूंखार विदेशी आतंकियों सहित कश्मीर के अलगाववादी बंद हैं। ऐसे में जेल में इस तरह की सुरक्षा चूक कहीं न कहीं सुरक्षा एजेंसियों की लापरवाही की ओर इशारा करती है। पुलिस थाना घरोटा के एसएचओ अर्जुन मगोत्रा ने बताया जेल परिसर से मिला मोबाइल फोन टूटा हुआ है और उसमें सिमकार्ड भी नहीं है। हालांकि उक्त मोबाइल फोन को साइबर सेल के पास भेज दिया गया हैं, जहां जांच की जा रही है। जेल परिसर में सर्च ऑपरेशन भी चलाया गया है।
बैरक में मोबाइल फोन मिलने की जानकारी मिली है। इसकी जांच की जा रही है कि कैसे संवेदनशील जेल में मोबाइल फोन पहुंचा।
- बृजेश शर्मा, एसपी, ग्रामीण, जम्मू