जम्मू। स्वतंत्रता दिवस की सुरक्षा को पुख्ता कर दिया गया है। सभी थानेदारों और चौकी प्रभारियों को रात के समय अपने-अपने क्षेत्र में प्रमुख नाकों को पर मौजूद रहकर चेकिंग की अगुवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। जम्मू तवी और बॉर्डर से शहर को जोड़ने वाले चौराहों पर रात के समय पुलिस की विशेष टीमों को तैनात किया गया है, जो चेकिंग करेंगी। रात के समय हर आने-जाने वाले पर कड़ी नजर रखने और पूछताछ के लिए कहा गया है।
जानकारी के अनुसार जम्मू तवी, बसंत नदी, उज्ज और चिनाब दरिया पर प्रमुख तौर पर रात के समय नजर रखी जा रही है। इनके किनारे बसे गांवों में पुलिस की ओर से गश्त की जा रही है। ऐसी सूचना है कि इन नदियों की आड़ में आतंकी घुसपैठ कर सकते हैं और आतंकी संगठन इनके ऊपर से ड्रोन को भेजकर सैन्य ठिकानों पर हमला कर सकते हैं या फिर ड्रोन के जरिए हथियार और गोलाबारूद आतंकियों तक पहुंचा सकते हैं। ऐसे में बीएसएफ और पुलिस ने मिलकर कर इस पर नजर रख रहे हैं। दो दिन पहले ही पुलिस और बीएसएफ अधिकारियों ने बैठक की है। इसमें यह तय किया गया है कि पुलिस और बीएसएफ मिलकर सीमांत इलाकों में स्वतंत्रता दिवस के मौके पर चेकिंग करेगी। रात और दिन के समय कड़ी गश्त की जाएगी। पुलिस और बीएसएफ ने मिलकर कुछ रूट भी चिह्नित किए हैं। कुछ चौराहे चिह्नित किए हैं, यहां से बॉर्डर और नदियों से चार से पांच रास्ते आकर मिलते हैं। इन जगहों पर रात के समय पुलिस टीमें तैनात की गई हैं, जो चेकिंग करेंगी। एसएसपी जम्मू चंदन कोहली का कहना है कि सुरक्षा को लेकर पर्याप्त बंदोबस्त किए गए हैं। बीएसएफ के साथ मिलकर सीमांत इलाकों की सुरक्षा को पुख्ता किया गया है।