संवाद न्यूज एजेंसी
ज्यौडि़यां। गणतंत्र दिवस के मौके पर सेना और पुलिस की तरफ से सीमावर्ती क्षेत्र में चौकसी बढ़ा दी है। क्योंकि अपने नापाक पड़ोसी की हरकतों से सेना भलीभांति परिचित है। भले ही पाकिस्तान ने समझौते के तहत सीमा पर गोलाबारी बंद रखी हुई है। जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद फैलाने के लिए दुश्मन की साजिशें अभी भी जारी हैं। तरह-तरह के हथकंडे अपना रहा है, लेकिन उसका मुंहतोड़ जबाब देने के लिए हमारी सेना व पुलिस आधुनिक हथियारों से लैस और चौकस है।
सीमावर्ती खौड़ तथा पलांवाला क्षेत्र में पुलिस ने निगरानी बढ़ा दी है। क्षेत्र में पूरी नजर बनाए रखे हुए है। पुलिस की तरफ से क्षेत्र में कई अहम नाके व चेकिंग पोस्टें बनाईं गई हैं। इस विषय में डीएसपी मोहन लाल ने बताया कि सीमावर्ती क्षेत्रों में सेना के सहयोग से नाके और पेट्रोलिंग की जा रही है। क्षेत्र में आने जाने वाले हर वाहन पर नजर रखी जा रही है। सीमावर्ती गांवों के नबरंदारों और चौकीदारों को भी बता दिया गया है, कि हर क्षेत्र में नजर बनाए रखें और चौकस रहें। क्षेत्र में किसी भी संदिग्ध को देखे जाने पर पुलिस को सुचित करें। पुलिस और सेना की तरफ से सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं। खौड़ क्षेत्र में पुलिस ने कई अहम चेक पोसटें बनाकर हर आने जाने वाले पर अपनी नजर बनाए हुए है। क्षेत्र में आने-जाने वाले हर वाहन की गहराई से जांच कर ही छोड़ा जा रहा है।