दरबार मूव को लेकर पुलिस महकमे ने सुरक्षा बंदोबस्त करने की कवायद शुरू कर दी है। गुरुवार को आईजी जम्मू ने सुरक्षा को लेकर तमाम पुलिस अफसरों के साथ बैठक की। इसमें कानून व्यवस्था, सुरक्षा और आतंकवाद जैसे मुद्दों को लेकर चर्चा करने के बाद दरबार मूव के दौरान हाई अलर्ट पर रहने की हिदायत जारी की। पिछले एक साल से जम्मू संभाग में आतंकी गतिविधियों में बढ़ोतरी को देखते हुए जम्मू शहर से लेकर जम्मू-श्रीनगर नेशनल हाईवे पर सुरक्षा घेरा कड़ा करने के निर्देश दिए गए।
इससे पहले अधिकारियों की ओर से आईजी को दरबार मूव के शेड्यूल की जानकारी दी गई। आईजी ने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था के साथ श्रीनगर से जम्मू लाए जा रहे रिकॉर्ड पर भी लगातार नजर रखनी होगी। नेशनल हाइवे पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं।
उन्होंने आतंकी हमले खासकर पुलवामा जैसे हमले की आशंका को ध्यान में रखकर सुरक्षा घेरा मजबूत करने पर जोर दिया। अधिकारियों से आवश्यक सिक्योरिटी प्लान पर भी चर्चा की गई। बैठक में दरबार मूव के दौरान सुरक्षा चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
इन मुद्दों पर हुई चर्चा
- जम्मू संभाग में पुख्ता सुरक्षा बंदोबस्त करना। खासकर जम्मू जिले में बार्डर क्षेत्र में सुरक्षा मजबूत करनी होगी।
- सचिवालय और राजभवन की सुरक्षा को सुनिश्चित करने के लिए पर्याप्त मात्रा में सुरक्षाकर्मियों की तैनाती।
- शहर के सभी तीन वीवीआईपी रूट की सुरक्षा मजबूत करनी होगी। यहां से राज्यपाल की मूवमेंट होनी है।