जम्मू कश्मीर में आतंकी संगठन आईएसआईएस को सक्रिय करने संबंधी खबरों ने सुरक्षा बलों की चिंता बढ़ा दी है। घाटी में आईएसआईएस अपनी पैठ जमाना चाह रहा है। सुरक्षा एजेंसियों ने इस बाबत केंद्र सरकार को एक रिपोर्ट भेजी है।
सेना की उत्तरी कमान की रिपोर्ट भी कहती है कि घाटी में आईएसआईएस अपनी मौजूदगी दर्ज कराने की कोशिश कर रहा है। अमरनाथ यात्रा मार्ग में हुए हमले और घाटी में लगातार हो रहे ग्रेनेड हमलों के पीछे आईएसआईएस से प्रभावित स्थानीय आतंकी संगठन लश्कर-ए इस्लाम को जिम्मेदार माना गया है।
दरअसल, भारत और पाकिस्तान के बीच शुरू हुई बातचीत आतंकी संगठनों को रास नहीं आ रही है। हिजबुल मुजाहिदीन ने पहले ही अमरनाथ यात्रा को निशाना बनाने का ऐलान कर दिया था।
हालांकि सेना और सुरक्षा बलों की कड़ी चौकसी के कारण आतंकी संगठन अपने नापाक इरादों में कामयाब नहीं हो पाए हैं लेकिन वे लगातार ग्रेनेड हमले कर अपनी मौजूदगी का अहसास करा रहे हैं।