स्वतंत्रता दिवस को लेकर पूरे क्षेत्र में देशभक्ति का माहौल भी देखने को मिल रहा है। विभिन्न स्थानों पर तिरंगा यात्राएं, हर घर तिरंगा अभियान और अन्य कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। शहरों और गांवों में घरों व इमारतों पर तिरंगा लहराता नजर आ रहा है।
जम्मू में स्वतंत्रता दिवस का मुख्य समारोह मौलाना आजाद स्टेडियम में आयोजित होगा, जहां उपमुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी तिरंगा फहराकर परेड की सलामी लेंगे। वहीं, श्रीनगर के बख्शी स्टेडियम में मुख्य समारोह होगा जिसकी अध्यक्षता मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला करेंगे।
सुरक्षा के तहत पुलिस और अर्धसैनिक बलों की तैनाती रणनीतिक स्थानों पर की गई है। समारोह स्थलों के आसपास आने-जाने वाले लोगों की जांच और वाहनों की तलाशी की जा रही है। संवेदनशील इलाकों और समारोह स्थलों तक पहुंचने वाले सभी रास्तों पर निगरानी बढ़ाई गई है।
जम्मू शहर में कई महत्वपूर्ण स्थानों पर क्विक रिस्पॉन्स टीम (क्यूआरटी) तैनात की गई हैं। जम्मू-श्रीनगर और जम्मू-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्गों पर भी सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई है। सीमा क्षेत्रों में प्रमुख सड़कों और राजमार्गों पर सीसीटीवी समेत अन्य निगरानी प्रणालियों के जरिए लगातार नजर रखी जा रही है।
एलओसी और अंतरराष्ट्रीय सीमा पर बहुस्तरीय सुरक्षा घेरा तैयार किया गया है, जिसमें सेना बीएसएफ और जम्मू-कश्मीर पुलिस के जवान शामिल हैं। स्वतंत्रता दिवस समारोह को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा अधिकारियों की ओर से लगातार समीक्षा बैठकें भी की जा रही हैं।
जम्मू जोन के पुलिस महानिरीक्षक भीम सेन तुती और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने पिछले सप्ताह जम्मू संभाग में कई सुरक्षा समीक्षा बैठकें कीं। अधिकारियों को समारोह स्थलों और आसपास के क्षेत्रों में पर्याप्त सुरक्षा बल तैनात करने तथा हर संभावित स्थिति से निपटने के निर्देश दिए गए हैं।