पुलवामा हमले के बाद मोर्चा लेते जवान
- फोटो : अमर उजाला
सुरक्षा एजेंसियों को पिछले कुछ दिनों से लगातार इनपुट मिल रहे थे कि आतंकी जम्मू और इसके आसपास के इलाकों में आतंकी हमला कर सकते हैं लेकिन हुआ इसका उल्टा। आतंकियों ने कश्मीर में हमला कर दिया।
हमले के बाद अलर्ट पर चल रहे जम्मू शहर में रेड अलर्ट जारी कर दिया गया। सभी सुरक्षा एजेंसियों और पुलिस के कैंपों पर अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात कर दिए गए हैं। हाइवे से लेकर बार्डर तक, एयरपोर्ट से रेलवे और बस स्टैंड से लेकर मंदिरों तक की सुरक्षा बढ़ाई गई है।
दरअसल, आतंकियों की मौजूदगी पर लगातार शहर में चौकसी की गई थी। सेना के हेलीकाप्टर की मदद से एयरपोर्ट और इसके आसपास के ग्रामीण इलाकों में रात के समय नाइट विजन कैमरों से निगरानी की जा रही थी। यह अब भी जारी है। जम्मू कठुआ सांबा रेंज के डीआईजी विवेक गुप्ता का कहना है कि हमने गणतंत्र दिवस के बाद से ही सुरक्षा मजबूत की हुई है। सभी जगहों पर अतिरिक्त नाके तैनात हैं।
खासकर इस घटना के बाद सब जगहों पर अलर्ट जारी कर दिया गया है। सबको अलर्ट पर रहने के लिए कहा गया है।आमतौर पर गणतंत्र दिवस के बाद अतिरिक्त नाकों को हटा लिया जाता है, लेकिन इस बार गणतंत्र दिवस के बाद से अब तक लगाए गए अतिरिक्त नाके हटाए नहीं गए हैं।