कश्मीर संभाग में बढ़ते आतंकी हमलों के बीच जम्मू संभाग में बढ़ती आतंकी गतिविधियों ने सुरक्षा और खुफिया एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है। एजेंसियां इस बात पर भी मंथन कर रही हैं कि इतना मजबूत तंत्र होने के बावजूद गतिविधियों का पता क्यों नहीं चल पाया।
खास तौर पर बठिंडी में पकड़े गए लश्कर आतंकी और अब एक दिन पहले राजोरी में पकड़े आईएसआई एजेंट के मामलों ने एजेंसियों के कान खड़े कर दिए हैं।
शायद यही कारण है कि जम्मू पर भी एजेंसियों को नए सिरे से सोचना पड़ रहा है। सूत्रों का कहना है कि खुफिया और सुरक्षा एजेंसियों ने जम्मू संभाग में नए सिरे से अपने तंत्र को सक्रिय किया है।
जम्मू, कठुआ, सांबा, राजोरी, पुंछ और उधमपुर जिलों में एजेंसियों ने अपने खुफिया तंत्र को पहले से अधिक सक्रिय कर दिया है। इन क्षेत्रों में रहने वाले संदिग्ध लोगों से पूछताछ और नजर रखने को विशेष रणनीति पर काम शुरू किया गया है। खासकर उन इलाकों पर, जहां बाहर से आकर लोग रह रहे हैं।