संभाग के सभी कालेजों में स्नातक के पहले सेमेस्टर की परीक्षायें खत्म होने के साथ ही द्वितीय सेमेस्टर की पढ़ाई शुरू करने की कवायद शुरू हो गई है। कालेज प्रशासन अपने विद्यार्थियों को अगले सेमेस्टर में दाखिले देने की प्रक्रिया में जुटा हुआ है।
वहीं विवि प्रशासन ने संभाग के सभी कालेजों में द्वितीय सेमेस्टर का पाठ्यक्रम जारी कर दिया है ताकि तय समय सीमा पर पाठ्यक्रम खत्म होने के बाद आसानी से परीक्षायें करवायी जा सके।
पहले सेमेस्टर की परीक्षायें समाप्त होने के बाद से ही कालेजों में विद्यार्थी अपने अगले सेमेस्टर में दाखिला लेने के लिए एग्जामिनेशन फार्म भरने में लगे हुए हैं ताकि वह अगली कक्षा में बैठकर अपनी आगे की पढ़ाई को जारी रख सके।
गौरतलब है कि गत वर्ष कालेजों में स्नातक में सेमेस्टर सिस्टम शुरू किया गया था। कालेजों में सेमेस्टर सिस्टम शुरू किये जाने के बाद विद्यार्थियों में परीक्षा और पाठ्यक्रम के पैटर्न को समझने में संशय पैदा हुआ था। वहीं कालेज प्रशासन और स्टाफ सदस्यों ने विद्यार्थियों को हर संभव सहायता देकर विद्यार्थियों को इस संशय से बाहर निकालने में बहुत बड़ा अहम योगदान दिया।
गांधी नगर स्थित गवर्नमेंट महिला कालेज की प्रिंसिपल डा. किरण बख्शी ने बताया कि पहले सेमेस्टर की परीक्षायें समाप्त होने के बाद से द्वितीय सेमेस्टर की कक्षाओं को लगाने के लिए कालेज प्रशासन अपने कार्य में जुट गया था।
उन्होंने बताया कि अभी द्वितीय सेमेस्टर में दाखिला लेने के लिए प्रक्रिया चल रही है। उन्होंने बताया कि परिणामों को घोषित किये बिना ही विद्यार्थियों को उनकी एटेडेंस और शार्टेज के आधार पर दिया जाएगा।