फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

JK में कोरोना का असर: जम्मू में मिला कोरोना का दूसरा संक्रमित, 310 नए संदिग्ध निगरानी में

Sat, 14 Mar 2020 12:45 PM IST
दुष्यंत शर्मा अमर उजाला नेटवर्क, जम्मू
विज्ञापन
कोरोना वायरस - फोटो : pixabay
विज्ञापन

जम्मू में कोरोना वायरस का एक और संक्रमित मामला आया है। अब तक केंद्र शासित जम्मू-कश्मीर में दो और लद्दाख में ऐसे तीन मामले सामने आ चुके हैं। जम्मू में नए मामले में पीड़ित 15 वर्षीय किशोरी को जीएमसी, जम्मू के आइसोलेशन वार्ड में रखा गया है। वह पहले से संक्रमित 63 वर्षीय महिला के संपर्क में आने से चपेट में आई है। दोनों लद्दाख के मूल निवासी हैं और इस समय जम्मू में रह रहे हैं। 

विज्ञापन


डॉक्टरों के अनुसार दोनों की हालत स्थिर है। फिलहाल, जीएमसी में तीन मरीज रखे गए हैं। लद्दाख में भी भर्ती पॉजिटिव मामलों में पीड़ितों की हालत ठीक बताई गई है। इस बीच जम्मू और कठुआ जिले में सभी शॉपिंग मॉल, जिम, मनोरंजन क्लब और स्वीमिंग पूल 31 मार्च तक बंद कर दिए गए हैं। प्रदेश में शुक्रवार को 310 नए लोगों को निगरानी में लिया गया। 

जम्मू-कश्मीर में अब तक संदिग्ध मामलों के संपर्क में आए 1,743 यात्रियों और व्यक्तियों को निगरानी में लिया गया है। इसमें 1,485 लोगों को घर और 18 को अस्पताल में क्योरंटाइन करने के अलावा 81 को घर पर सर्विलांस पर लिया गया है। कुल 85 मामलों में 77 के सैंपल की रिपोर्ट निगेटिव आई है, जबकि छह की रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।  
विज्ञापन


उधर, जीएमसी, अनंतनाग में एक संदिग्ध महिला मरीज को भर्ती किया गया है। वह उमराह करके लौटी है। उसे जुकाम और खांसी की शिकायत के बाद भर्ती कराया गया है। कठुआ जिले में आठ लोगों को घर पर ही निगरानी में रखा गया है।
 

ड्यूटी में लापरवाही पर नोडल अधिकारी निलंबित

रियासी में मशहूर गायिका को घर पर निगरानी में रखा गया है। वह हाल ही में युगांडा की यात्रा कर लौटी है। इसके अलावा सऊदी अरब से लौटे माहौर के छह नागरिकों को रियासी जिला मुख्यालय के सरकारी डाक बंगले में निगरानी में रखा गया है।  

केंद्र शासित जम्मू-कश्मीर में कोरोना से बचाव प्रबंधों के नोडल अफसर डॉ. शफकत खान को निलंबित कर दिया गया है। सामान्य प्रशासनिक विभाग की ओर से जारी आदेश में निलंबन की वजह आचरण की लंबित जांच बताया गया है। सूत्रों के अनुसार ड्यूटी के दौरान लापरवाही भी निलंबन का कारण बताया जा रहा है।

डॉ. खान को कोरोना का दायरा बढ़ने पर इस पद की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। अब नेशनल हेल्थ मिशन (एनएचएम) के निदेशक डॉ. भूपेंद्र कुमार नोडल अफसर का काम देख रहे हैं। निलंबन अवधि में डॉ. खान जिला उपायुक्त कठुआ/मुख्य चिकित्सा अधिकारी, कठुआ के कार्यालय से संबद्ध रहेंगे।
विज्ञापन

केंद्र शासित जम्मू-कश्मीर के मैदान इलाकों में तीन दिन से जारी बर्फबारी और मैदानी इलाकों में रुक-रुक कर बारिश का सिलसिला जारी है। शुक्रवार को कई हिस्सों में ओलावृष्टि भी हुई और शाम को तेज हवाओं के कारण बिजली आपूर्ति भी प्रभावित हुई है।

इस बीच रामबन और बनिहाल के बीच कई हिस्सों में पत्थर गिरने से जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग दूसरे दिन भी बंद रहा। आवाजाही रोके जाने से करीब तीन हजार वाहन राजमार्ग पर अलग-अलग स्थानों पर फंसे हुए हैं। अकेले रामबन में ही 800 वाहन रोके गए हैं।

जम्मू में शुक्रवार दोपहर तक मौसम साफ रहा लेकिन शाम को बादलों की गड़गड़ाहट और काली घटाओं के साथ मौसम का मिजाज बदल गया। तेज हवाओं के साथ कई जगह पेड़ गिर गए। झमाझम बारिश के साथ कई स्थानों पर ओले गिरे। इससे शहर और आसपास के इलाकों में बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई है। कटड़ा में भी शाम को बारिश हुई।

उधमपुर के नत्थाटॉप और पटनीटॉप और कठुआ के पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी हुई है। कठुआ के मैदानी इलाकों में बारिश के साथ ओले भी गिरे। जिले बसोहली में बारिश के बीच रंजीत सागर झील में पीएचई का बेड़ा डूब गया है। इस दौरान कश्मीर में मौसम साफ रहा लेकिन सुबह-सुबह पर्वतीय इलाकों में हुई बर्फबारी से सफेद चादर बिछ गई। गुलमर्ग के अलावा सोनमर्ग, कुपवाड़ा और जोजीला आदि में बर्फबारी हुई है।  
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें