रियासत का मौसम इन दिनों लगातार बदल रहा है। वीरवार को जम्मू व कश्मीर संभाग में बर्फबारी व बारिश हुई। इससे शीतलहर का प्रकोप बढ़ गया है। मौसम के बदलते मिजाज में वीरवार की सुबह श्रीनगर में सीजन की पहली बर्फबारी हुई। करीब एक घंटे तक बर्फ पड़ने के बाद बारिश भी हुई। दोपहर को धूप खिल गई। इसके बाद श्रीनगर सहित इसके आसपास क्षेत्रों में जबरदस्त शीतलहर का प्रकोप बना रहा।
वहीं, कश्मीर संभाग के पर्यटन स्थल गुलमर्ग व सोनमर्ग के उच्च पर्वतीय इलाकों में भी बर्फ गिरने की खबर है। काजीगुंड में दो सेमी, पहलगाम में 9 सेमी बर्फबारी हुई। कोकरनाग में बारिश व बर्फबारी हुई। जम्मू संभाग के पर्यटन स्थल पत्नीटाप, नत्थाटाप में हल्की बर्फ गिरने से क्षेत्र में जबरदस्त शीत लहर है।
उधमपुर जिले के शिवगढ़धार, सियोजधार, जुगधार में हल्का हिमपात हुआ। इसके अलावा जवाहर टनल, बनिहाल व बटोत में बर्फबारी व बारिश हुई। भद्रवाह के ऊंचे पर्वतीय क्षेत्र कैलाश के अलावा किश्तवाड़ में भी बारिश व हिमपात का सिलसिला दिन भर चलता रहा।
जबकि कठुआ जिले के मैदानी क्षेत्रों में बूंदाबांदी व ऊंचे पर्वतीय क्षेत्र बिलावर के देरी गला, चोचरगला, सेरी गला व कोमलू गला में बर्फबारी हुई। राजोरी जिले में कुल मिलाकर मौसम सूखा रहा। दूसरी ओर, कारगिल व लेह का तापमान का पारा माइनस में जारी है। श्रीनगर में भी तापमान माइनस में दर्ज हुआ।
कारगिल में न्यूनतम तापमान माइनस 13.7 डिग्री, लेह में माइनस 12.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड हुआ। श्रीनगर में न्यूनतम माइनस 2.3 डिग्री सेल्सियस रहा।