जिले के सीमावर्ती गांव पलूरा के पास एक श्रमिक को तीन संदिग्ध दिखने पर हड़कंप मच गया। संदिग्धों ने सेना की वर्दी पहन रखी थी। इस पर लोगों ने पुलिस और सेना को सूचित किया।
पुलिस के स्पेशल आपरेशन ग्रुप के डीएसपी नीरज पडियार जवानों को लेकर पलूरा नर्सरी पहुंच गए। बाद में सेना की जाट रेजिमेंट और ग्रनेडियर के जवानों ने सारे क्षेत्र को घेर लिया और तलाशी अभियान चलाया।
श्रमिक महेश्वर निवासी नेपाल ने बताया कि तीन लोग सेना की वर्दी में थे। उनके पास हथियार थे। वे पूछ रहे थे कि यहां पर गुज्जरों के डेरे किधर हैं। बाद में पता चला कि सेना के जवान क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। उन्होंने ही श्रमिक को गुज्जरों के डेरे के बारे में पूछा था।
वहीं सांबा में संदिग्ध दिखने के बाद जम्मू के भी कई इलाकों में सर्च आपरेशन चलाया गया। कुंजवानी इलाके में पुलिस की ओर से विशेष नाकेबंदी कर हाईवे पर आने-जाने वाले वाहनों की जांच की गई। पिछले कई दिनों से सांबा और जम्मू में संदिग्धों के देखे जाने की सूचनाएं पहुंच रही हैं।
अभी तीन दिन पहले भी कुंजवानी में संदिग्ध देखे जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद बड़े पैमाने पर सर्च आपरेशन चलाया गया।