संदिग्ध गतिविधियों से जुड़े लोगों से की गई पूछताछ
संवाद न्यूज एजेंसी
सांबा। जिले के पहाड़ी ब्लॉक सुंब के अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों में संदिग्ध बातचीत इंटरसेप्ट होने के बाद सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट पर हैं। इसी क्रम में बुधवार को लगातार दूसरे दिन भी पुलिस, स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप और सेना ने संयुक्त रूप से व्यापक तलाशी अभियान चलाया। सुबह से शाम तक सुरक्षा बलों ने जंगलों के चप्पे-चप्पे की तलाशी ली तथा संदिग्ध गतिविधियों से जुड़े लोगों से भी पूछताछ की।
रक्षा सूत्रों के अनुसार उधमपुर और कठुआ के पहाड़ी क्षेत्रों में आतंकवादियों की संभावित मौजूदगी के इनपुट के मद्देनजर सांबा के सीमावर्ती और पहाड़ी इलाकों में भी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। इसी दौरान सेना को कुछ संदिग्ध बातचीत इंटरसेप्ट होने की जानकारी मिली, जिसके बाद संयुक्त तलाशी अभियान तेज कर दिया गया।
सूत्रों का कहना है कि इंटरसेप्ट की गई बातचीत को गंभीरता से लेते हुए पुलिस, सेना और एसओजी पूरी सतर्कता के साथ क्षेत्र की निगरानी कर रहे हैं। स्थानीय लोगों से भी संपर्क कर आवश्यक जानकारियां जुटाई जा रही हैं। इसके अलावा जंगलों के साथ-साथ पहाड़ों में स्थित प्राकृतिक गुफाओं और दुर्गम स्थानों की भी गहन तलाशी ली जा रही है, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या घुसपैठ की संभावना को समय रहते विफल किया जा सके। सुरक्षा एजेंसियों ने फिलहाल अभियान जारी रखा है और पूरे क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी गई है।