नगरोटा मुठभेड़ के दौरान मोर्चा संभाल जवान
- फोटो : Amar Ujala
नगरोटा में मुठभेड़ खत्म होने के चौथे दिन भी क्षेत्र में तलाशी अभियान जारी रहा। सेना ने आर्मी यूनिट के भीतर हुई गोलाबारी से प्रभावित इमारत तथा आस-पास के इलाकों को खंगाला।
स्नीफर डॉग और बम निरोधक दस्ते की मदद ली गई। चौथे दिन भी नगरोटा के पुराने हाईवे को आवागमन के लिए बंद रखा गया। इस बीच एनआईए की टीम अब तक जांच के सिलसिले में नहीं पहुंची है।
शुक्रवार को भी आम नागरिकों को यूनिट के आस-पास नहीं जाने दिया गया। सेना हर पहलु की बारीकी से जांच करने के साथ ही पूरे इलाके में सर्च आपरेशन चला रही है ताकि आतंकियों की ओर से छिपाए गए गोलाबारूद से कोई अनहोनी न होने पाए। वीरवार को सेना ने दो कांप्लेक्स को साफ किया था, जहां आतंकियों ने मुख्य रूप से पनाह ली थी।
मुठभेड़ के बाद आतंकियों द्वारा लाए गए भारी मात्रा में गोलाबारूद बरामद किए गए थे। उधर, नगरोटा हमले के बाद शहर में भी चौकसी बढ़ा दी गई है। सभी प्रमुख नाकों पर वाहनों की चेकिंग की जा रही है।