पुलिस, एसओजी, सेना और वीडीजी ने संयुक्त अभियान चलाकर खंगाला पूरा इलाका
संवाद न्यूज एजेंसी
पुरमंडल। थाना क्षेत्र के राजुल-पाड़ल इलाके में संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने के बाद मंगलवार रात पुलिस, सेना और अन्य सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं। सूचना मिलते ही सुरक्षा बलों ने पूरे क्षेत्र में व्यापक तलाशी अभियान चलाया। बुधवार सुबह भी संयुक्त रूप से इलाके की गहन तलाशी ली गई। हालांकि अब तक की जांच में किसी भी संदिग्ध व्यक्ति अथवा गतिविधि की पुष्टि नहीं हो सकी है।
मंगलवार देर शाम पीसीआर सांबा तथा अन्य विश्वसनीय सूत्रों के माध्यम से सूचना मिली कि पुरमंडल क्षेत्र के राजुल और पाड़ल गांवों के बीच पड़ने वाले इलाके में कुछ संदिग्ध गतिविधियां देखी गई हैं। सूचना मिलते ही थाना पुरमंडल के प्रभारी (एसएचओ) के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और रात के समय पूरे क्षेत्र में व्यापक सर्च ऑपरेशन शुरू किया। देर रात तक चली कार्रवाई के दौरान पुलिस ने संवेदनशील स्थानों, जंगलों और खड्ड क्षेत्र की गहन तलाशी ली, लेकिन कोई संदिग्ध व्यक्ति या सामग्री बरामद नहीं हुई।
तलाशी अभियान के दौरान थाना पुरमंडल के अधिकारियों ने स्थानीय लोगों से भी बातचीत कर पिछली रात देखी गई संदिग्ध हलचल के संबंध में विस्तृत जानकारी जुटाई। लोगों से मिले इनपुट के आधार पर विभिन्न बिंदुओं का सत्यापन किया गया, ताकि सूचना की वास्तविकता का पता लगाया जा सके।
बुधवार सुबह सुरक्षा एजेंसियों ने एक बार फिर संयुक्त तलाशी अभियान चलाया। इस अभियान में स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी), थाना पुरमंडल के अधिकारी एवं पुलिस कर्मी, विलेज डिफेंस गार्ड (वीडीजी), स्थानीय वीडीजी सदस्य तथा सेना के जवान शामिल रहे। संयुक्त टीमों ने राजुल, पाड़ल और आसपास के क्षेत्रों की बारीकी से तलाशी लेते हुए हर संदिग्ध स्थान की जांच की।
ग्रामीणों ने एक घर में जागकर बिताई रात
स्थानीय लोगों ने बताया कि संदिग्ध गतिविधि की सूचना फैलते ही गांव में भय का माहौल बन गया। एहतियात के तौर पर कई परिवार पूरी रात एक ही घर में एकत्र होकर जागते रहे। ग्रामीणों ने कहा कि पुलिस और सुरक्षा बलों की त्वरित कार्रवाई तथा पूरी रात क्षेत्र में मौजूदगी से उन्हें काफी राहत महसूस हुई। उन्होंने सुरक्षा एजेंसियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि गांव के लोगों ने भी तलाशी अभियान के दौरान पूरा सहयोग किया और आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई।