जम्मू-कश्मीर में कठुआ के हीरानगर में पाकिस्तान की ओर से पिछले तीन सप्ताह से जारी गोलाबारी और पठानकोट में आतंकी हमले के इनपुट के बाद रविवार को सुरक्षा बलों ने कठुआ जिले में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर मनियारी और सतपाल पोस्ट के नजदीक डेढ़ घंटे सर्च ऑपरेशन चलाया।
गोलाबारी की आड़ में घुसपैठ की किसी भी आशंका को नाकाम करने के लिए सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हैं। रविवार सुबह भी मनियारी और सपताल पोस्ट के नजदीक सीमावर्ती इलाकों को लगभग डेढ़ घंटे तक खंगाला। हालांकि इस दौरान कुछ भी हाथ नहीं लगा है। इससे पहले शनिवार को भी कठुआ के पंडोरी से सटे इलाकों में सर्च ऑपरेशन चलाया गया था।
ग्रेनेड हमले के बाद श्रीनगर में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी, नाके लगाकर वाहनों की चेकिंग
श्रीनगर शहर के व्यस्ततम इलाके हरि सिंह हाई स्ट्रीट में शनिवार को हुए ग्रेनेड हमले के बाद रविवार को सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। नाके लगाकर वाहनों की चेकिंग की जा रही है तथा आम लोगों को तलाशी के बाद आगे जाने दिया जा रहा है। शनिवार को हुए ग्रेनेड हमले में सात लोग घायल हुए थे।
एक पुलिस अधिकारी के अनुसार, जहांगीर चौक, हरि सिंह हाई स्ट्रीट, रीगल चौक, टीआरसी चौक, पोलो व्यू और सिटी सेंटर के आसपास के इलाकों में उड़न दस्ते के साथ अतिरिक्त सुरक्षा कर्मी तैनात हैं। उन्होंने कहा कि आम लोगों और रेहड़ी-पटरीवालों के मन में सुरक्षा की भावना मजबूत करने के लिए प्रशासन ने कई कदम उठाए हैं।
दरअसल रविवार को रेहड़ी-पटरी वाले साप्ताहिक बाजार के लिए स्टॉल लगाते हैं। वैसे तो साप्ताहिक बाजार सिर्फ रविवार को लगते हैं लेकिन कई रेहड़ी-पटरी वाले पिछले कुछ सप्ताह से टीआरसी चौक, पोलो व्यू, लाल चौक रोड पर प्रतिदिन अपनी दुकान लगाते हैं।