रामगढ़। गांव रडवां खुर्द में मंगलवार को युवक पर हमले के आरोपियों की तलाश में दूसरे दिन भी पुलिस की दबिश जारी रही। वहीं जीएमसी में भर्ती घायल युवक की गंभीर हालत को देखते हुए परिजन उसे इलाज के लिए पड़ोसी राज्य पंजाब ले गए हैं। हमले में दो युवक शामिल थे। घायल ने हमले के कारणों का खुलासा नहीं किया है, सिर्फ आरोपियों के नाम बताए हैं। उधर, हमले का कारण पुरानी रंजिश बताया जा रहा है।
गांव रडवां में युवक पर हमला मंगलवार दोपहर को हुआ। केशव शर्मा पुत्र कृष्ण लाल (20) मंगलवार दोपहर किसी काम से घर से निकला था। लौटते समय पहले से घात लगाए बैठे दो युवकों ने तेजधार हथियारों से उस पर हमला कर दिया। युवक की दोनों बाजुओं और टांगों पर गहरी चोट पहुंची है। हमले के बाद खून से लथपथ युवक को छोड़कर दोनों हमलावर भाग निकले। गांव के लोगों ने जब घायल को देखा तो पुलिस को बुलाया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर युवक को रामगढ़ के सीएचसी अस्पताल पहुंचाया। वहां युवक की हालत गंभीर देखते हुए उसे जीएमसी जम्मू रेफर कर दिया गया। बुधवार को उसके परिजन पड़ोसी राज्य पंजाब ले गए, जहां एक अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है। घायल के बयान के आधार पर पुलिस ने हमले के आरोप में रवि कुमार पुत्र मोहन चौधरी निवासी तरींडीया और सोनू पुत्र गुडडी निवासी सहजादपूर पर केस दर्ज कर लिया है। दोनों आरोपी हमले के बाद से फरार हैं। पुलिस ने उनकी तलाश में दबिश दे रही है।