अखनूर में वाहनों की जांच करती पुलिस।
अखनूर। सीमा पार से आए दो ड्रोन से भारतीय सीमा में फेंके गए हथियारों के मामले में पुलिस ने क्षेत्र में आतंकियों के मददगार को पकड़ने की मुहिम शुरू कर दी है। क्षेत्र में सुरक्षा के कडे़ प्रबंध किए गए हैं। सीमा पर भी चौकसी बढ़ा दी है। पुलिस ने वाहनों की सघनता से जांच शुरू कर दी है।
सोमवार की रात को पाकिस्तानी दो ड्रोन से भारतीय सीमा में गांव सोहाल खड्ड में हथियार गिराए गए। इसे गंभीरता से लेते हुए पुलिस और सेना की तरफ से तलाशी अभियान के तहत पुलिस और सुरक्षा बलों ने बुधवार को क्षेत्र में आतंकियों के मददगार को पकड़ने के लिए अभियान चलाया। अंतरराष्ट्रीय सीमा कानाचक, परगवाल और एलोसी पलांवाला, केरी सब सेक्टर पर चौकसी बढ़ा दी गई। सीमावर्ती क्षेत्रों में संदिग्ध लोगों पर भी नजर रखी जा रही है। अखनूर में स्टील और कंक्रीट ब्रिज पर भी नाके लगा कर तलाशी ली जा रही है। क्षेत्र में कई साल से सीमा पर घुसपैठ बंद हो गई थी, मगर जम्मू संभाग में ड्रोन से हथियार फेंक कर किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने पर पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई की मंशा है। एसडीपीओ अजय शर्मा ने बताया मामले की जांच जारी है। क्षेत्र में मददगारों की पकड़ने के लिए अभियान चलाया गया है।