अखनूर कसबे के उप जिला अस्पताल से जल्दी चले जाना पांच डाक्टरों के लिए महंगा पड़ गया। एसडीएम ने सभी पांचों डाक्टरों का वेतन रोक दिया है। साथ ही स्वास्थ्य निदेशक को कार्रवाई के बारे में सूचित कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार एसडीएम सुरेश चंद शर्मा शनिवार को दोपहर तीन बजकर बीस मिनट पर उप जिला अस्पताल में अचानक पहुंच गए। यहां उन्होंने अस्पताल की व्यवस्था आदि जांची साथ ही डाक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ की कार्यप्रणाली के बारे में जानकारी मांगी।
इस दौरान उन्हें पता चला कि पांच डाक्टर गैरहाजिर हैं। बाद में उन्हें बताया गया कि उक्त पांचों डाक्टर समय से पहले ही अस्पताल से जा चुके हैं। बताया गया कि राकेश वर्मा, सरला कौल, पंकज गुप्ता, राजीव शर्मा और नितिन गुप्ता सभी पांचों डाक्टर सुबह अस्पताल में उपस्थित थे।
लेकिन दोपहर बाद सभी गैरहाजिर पाए गए। अस्पताल में स्वास्थ्य की जांच कराने के लिए मरीजों की बड़ी भीड़ थी। इस पर एसडीएम ने पांचों डाक्टरों का वेतन रोकने के निर्देश दिए।
साथ ही इस कार्रवाई को स्वास्थ्य निदेशक को सूचित कर दी गई। एसडीएम ने हाजिरी रजिस्टर की जांच कर अन्य कर्मचारियों की भी उपस्थिति देखी। साथ ही कहा कि अस्पताल में सभी इंतजाम पुख्ता होने चाहिए। मरीजों को किसी भी तरह की परेशानी का सामना नहीं होना चाहिए।