अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। पीठ पर बस्ते उठाकर बच्चे स्कूल पहुंचे। सुबह नौ बजे प्रार्थना सभा शुरू हुई। इसके बाद कक्षाओं में पढ़ाई आरंभ हुई। 18 दिन से स्कूल बंद थे। पहले दस दिन की छुट्टियां शिक्षा विभाग ने दी थी। बाद में आठ दिन की और बढ़ाई गईं। अब मौसम साफ होते ही पढ़ाई शुरू हो गई। सोमवार को पहले दिन बच्चे पूरी यूनिफॉर्म में घरों से निकले। दोपहर के भोजन के बाद मस्ती की। तीन बजे शहरी इलाकों के स्कूलों में पहली से आठवीं कक्षा तक के छात्रों को छुट्टी हुई। इसी तरह ग्रामीण इलाकों में बच्चे सुबह दस बजे स्कूल पहुंचे और शाम चार बजे छुट्टी हुई। हालांकि अध्यापक हर रोज पहुंच रहे थे। अब मार्च तक पढ़ाई होगी और अंतिम सप्ताह से वार्षिक परीक्षाएं शुरू हो जाएंगी। अध्यापकों के अनुसार अधिकांश सिलेबस पूरा हो चुका है। काफी दिनों से मौसम खराब होने के कारण सर्दी बढ़ी थी। ऐसे में पढ़ाई नहीं हो पा रही थी।
सफलता के टिप्स सुने, ऑनलाइन किया प्रदर्शनियों का अवलोकन
अमर उजाला ब्यूरो
जम्म। प्रदेशभर में परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम में पीएम नरेंद्र मोदी से रूबरू होने के लिए काफी संख्या में बच्चे पहुंचे। टीचर भवन में शहर सहित देहात के स्कूलों से बच्चों ने भाग लिया। इसके अलावा तमाम जिलों में कार्यक्रम हुए। बच्चों ने जीवन में सफल होने के टिप्स को सुना। वहीं, प्रदर्शनियों का ऑनलाइन अवलोकन करने के दौरान मॉडलों को देखा। इतना ही नहीं, हायर सेकंडरी स्कूल रियासी की छात्रा रुकसाना बानू और जीडी गोयंका पब्लिक स्कूल जम्मू से कर्तव्य भगत को नई दिल्ली में कार्यक्रम में शिरकत करने का मौका मिला। लगभग 116556 छात्रों ने हिस्सा लिया। इसी तरह 49031 अध्यापक व 4873 अभिभावक मौजूद रहे। कार्यक्रम 11 बजे आरंभ हुआ जो दोपहर एक बजे तक चला। स्कूलों में स्थापित आईसीटी लैब में छात्र गौर से संबोधन सुनते रहे। बच्चों ने आजादी के नायक, हमारी संस्कृति हमारा गर्व, मेरी प्रिय किताब, आने वाली पीढ़ियों के लिए पर्यावरण सुरक्षा, अच्छा स्वास्थ्य क्यों जरूरी है, मेरा स्टार्टअप का सपना, सीमाओं के बिना शिक्षा और खेल पर भी जरूरी टिप्स हासिल किए। यहां शिक्षा विभाग के प्रशासनिक सचिव पीयूष सिंगला, एमपी जुगल किशोर, निदेशक अशोक कुमार, सीईओ जगदीप सिंह मौजूद रहे।