-विभिन्न राज्यों से आए टीमों ने किया ड्रेस रिहर्सल (फोटो)
संवाद न्यूज एजेंसी
जम्मू। केके हक्कू हॉकी स्टेडियम में 30 जनवरी से 8 फरवरी तक होने वाली 72वीं अखिल भारतीय पुलिस हॉकी चैंपियनशिप की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। सोमवार को एडीजीपी सशस्त्र जम्मू-कश्मीर एसजेएम गिलानी (आईपीएस) ने प्रतियोगिता के सफल संचालन के लिए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की बैठक बुलाई और तैयारियों की समीक्षा की। बैठक के दौरान लॉटरी निकालकर टीमों को ग्रुपों में बांटा गया। पुरुष वर्ग में टीमों को आठ समूहों में बांटा गया। जम्मू-कश्मीर की टीम ग्रुप ई में खेलेगी। एडीजीपी एसजेएम गिलानी ने बताया कि चैंपियनशिप में देशभर से 34 हॉकी टीमें भाग ले रही हैं। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी व्यवस्थाओं सहित लोगों और छात्रों की भागीदारी सुनिश्चित बनाई जाए।
एडीजीपी सशस्त्र ने कहा कि आयोजन की मेजबानी जम्मू-कश्मीर पुलिस के लिए सम्मान की बात है। बैठक के दौरान आठ ग्रुपों में बांटी गई पुरुष टीमों में से ग्रुप ए में पंजाब, कर्नाटक और हिमाचल प्रदेश को रखा गया है। ग्रुप बी में आईटीबीपी, महाराष्ट्र और राजस्थान, ग्रुप सी में ओडिशा, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश, ग्रुप डी में सीआईएसएफ, गुजरात और चंडीगढ़, ग्रुप ई में जम्मू-कश्मीर, छत्तीसगढ़ और एसएसबी की टीमें शामिल हैं। ग्रुप एफ में तमिलनाडु, बीएसएफ और हरियाणा, ग्रुप जी में सीआरपीएफ, केरल और आरपीएफ व ग्रुप एच में पश्चिम बंगाल, तेलंगाना, पुडुचेरी और झारखंड को रखा गया है। जबकि महिला वर्ग में चार ग्रुप होंगे। ग्रुप ए में सीआरपीएफ और हरियाणा, बी में एसएसबी और उत्तर प्रदेश, सी में ओडिशा, महाराष्ट्र और गुजरात, डी में तमिलनाडु और हिमाचल प्रदेश की टीमों को रखा गया है।
बैठक में भाग लेने वाले अधिकारियों में आईजीपी एपी/आईआर जम्मू, एमएन तिवारी, डीआईजी आईआरपी जम्मू, सारा रिजवी, एसएसपी पीसीआर जम्मू, सरगुन शुक्ला, एसएसपी स्टाफ ऑफिसर टू एडीजीपी सशस्त्र जम्मू-कश्मीर महमूद अहमद, अखिल भारतीय पुलिस खेल नियंत्रण बोर्ड के तकनीकी अधिकारी और चैंपियनशिप में भाग लेने वाली टीमों के टीम प्रबंधक उपस्थित रहे। चैंपियनशिप के उद्घाटन समारोह के लिए स्टेडियम में रिहर्सल भी करवाई गई।
सभी टीमों के लिए आकर्षक और यादगार अनुभव सुनिश्चित करें : डीजीपी
जम्मू। प्रत्येक अधिकारी और इकाई को चैंपियनशिप को सफल बनाने के लिए सर्वोत्तम प्रयास करना चाहिए। यह बात पुलिस महानिदेशक आरआर स्वैन ने तैयारियों की समीक्षा के लिए पुलिस मुख्यालय में बैठक की अध्यक्षता करते हुए कही। अधिकारियों को एथलीटों के लिए आकर्षक और यादगार अनुभव सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। प्रतिभागियों के साथ-साथ सहायक कर्मचारियों के लिए कुशल और समन्वित चिकित्सा सुविधाओं पर जोर दिया। आवास, परिवहन, चिकित्सा, रसद, पार्किंग, प्रचार आदि व्यवस्थाएं पर फोकस रखने के लिए कहा। आयोजन समिति के अध्यक्ष एडीजीपी सशस्त्र एसजेएम गिलानी ने पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से पूरी व्यवस्था के बारे में जानकारी दी। जेकेएससी सचिव नुजहत गुल ने जेएंडके स्पोर्ट्स काउंसिल के समर्थन के बारे में बताया। संवाद