शहीद की मां को स्मृति चिन्ह भेंट करते हुए एसएसपी रियासी व अन्य पुलिस अधिकारी।
- फोटो : REASI
रियासी। जिले के दूरदराज क्षेत्र में स्थित प्राथमिक विद्यालय मेंदी को अब शहीद एसपीओ अब्दुल रशीद के नाम से जाना जाएगा। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा की घोषणा के बाद मंगलवार को एक कार्यक्रम के दौरान विद्यालय को शहीद के नाम समर्पित किया गया।
2 मार्च 1979 को जन्मे अब्दुल रशीद ने अपनी प्राथमिक शिक्षा इसी विद्यालय में ग्रहण की थी। वर्ष 2001 में उन्होंने पुलिस की नौकरी पाई। उस समय क्षेत्र में आतंकवाद चरम पर था। उसी वर्ष 26 व 27 दिसंबर को चनकोट क्षेत्र में आतंकवादियों के साथ हुई एक मुठभेड़ में अब्दुल ने शहादत पाई। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि अब्दुल रशीद काफी दिलेर जवान थे, जिनको आज भी याद किया जाता है।
कार्यक्रम के दौरान एसएसपी शैलेंदर सिंह, एसडीएम माहौर फैज उल हसीब, मुख्य शिक्षा अधिकारी मोहम्मद अजीज, एसीआर संजय बड़याल, एसडीपीओ माहौर छबील सिंह, तहसीलदार माहौर शाहीद इकबाल, आदि मौजूद रहे। इस दौरान कहा गया कि जल्द ही स्कूल की तरफ जाने वाली सड़क पर तारकोल डालकर उसकी स्थिति सुधारी जाएगी। साथ ही अन्य सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी। एसएसपी ने शहीद की मां फातिमा बेगम को को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।
प्राइमरी स्कूल मेंदी में आयोजित किए गए कार्यक्रम के दौरान मौजूद लोग।- फोटो : REASI