अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। प्रदेश के स्कूलों में जल्द ही हाजिरी डिजिटल होगी जो शिक्षा के क्षेत्र में बड़ा बदलाव ला सकती है। इसे लेकर शिक्षा विभाग के प्रधान सचिव पीयूष सिंघला ने विद्या समीक्षा केंद्र की स्थापना पर जोर दिया है। बता दें राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप इस पहल का उद्देश्य समग्र शिक्षा कार्यक्रम के तहत परियोजनाओं की वास्तविक समय पर निगरानी करना है।
समीक्षा केंद्र सभी स्कूलों, छात्रों और शिक्षकों के डेटा का सार्थक विश्लेषण करेगा। पीयूष सिंगला ने शिक्षा विभाग के लिए अनुकूल पारिस्थितिकी तंत्र बनाने में निगरानी डैशबोर्ड, डेटा विश्लेषण आधारित कॉल प्रबंधन उपयोगिता और रिपोर्टिंग प्रणाली के एकीकरण के महत्व पर भी जोर दिया है। समीक्षा केंद्र विश्लेषण किए डेटा तक आसानी से पहुंचने और कार्यान्वयन को सरल बनाएगा। इस प्रणाली से कर्मचारियों, प्रशासकों और विभागाध्यक्षों के बीच जवाबदेही बढ़ने की उम्मीद है।