संवाद न्यूज एजेंसी
जम्मू । सावन के आखिरी सोमवार को जम्मू के हर शिवालय में भक्तों की भारी भीड़ रही। सुबह तड़के ही श्रद्धालु मंदिरों में पहुंचना शुरू हो गए और शाम तक यह सिलसिला जारी रहा। भक्तों ने भोलेनाथ का जलाभिषेक कर बिल्व पत्र, धतूरा और भांग चढ़ाए। इसके बाद श्रद्धालुओं ने भोलेनाथ का ध्यान किया।
रणवीरेश्वर मंदिर में भक्तों ने भगवान शिव का जलाभिषेक किया। बच्चों ने भगवान शंकर से विद्या का दान मांगा। अधिकतर भक्तों ने परिवार की सुख समृद्धि के लिए कामना की। रणवीरेश्वर मंदिर के पुजारी शास्त्री बलवंत शर्मा ने बताया कि श्रद्धालु भारी मात्रा में मंदिर पहुंचे रहे हैं। यह सावन वर्ष का वो समय है, जिसमें शिव जी की जितनी पूजा हो सके उतनी करनी चाहिए। वहीं, पंडित जी कहते हैं कि हर सोमवार कई भक्त जन भोले बाबा का अभिषेक करते हैं तो कई भगवान शिव की आरती। मंदिर सुबह 4 बजे भक्तजनों के लिए खोला जा रहा है। आरती सुबह 4.30 बजे होती है और 5.30 बजे भगवान शिव की स्तुति की जाती है।