सरोर टोल प्लाजा पर रार बढ़ती जा रही है। टोल बंद करने और युवा राजपूत सभा के गिरफ्तार लोगों की रिहाई के लिए शुक्रवार को चौथे दिन भी 30 से ज्यादा जगह पर प्रदर्शन हुए। सांबा पूर्ण रूप से बंद रहा। शनिवार को जम्मू बंद रहेगा। चैंबर ऑफ कामर्स एंड इंडस्ट्री जम्मू ने बंद की कॉल दी है।
बंद को व्यापारी संगठनों, राजनीतिक दलों, सामाजिक संगठनों और जेएंडके हाईकोर्ट बार एसोसिएशन ने भी समर्थन दिया है। व्यापारी संगठन सुबह 11 बजे चैंबर हाउस पहुंचेंगे और रैली निकालेंगे। बंद के आह्वान के मद्देनजर सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए हैं। बस, मेटाडोर आदि चलेंगे। जम्मू कश्मीर ट्रांसपोर्ट वेलफेयर एसोसिएशन ने बंद को समर्थन नहीं दिया है।
सरोर टोल प्लाजा के खिलाफ शुरू हुए राजपूत सभा के आंदोलन के समर्थन में शुक्रवार को सांबा में एक भी दुकान नहीं खुली। बाजारों में सन्नाटा पसरा रहा। दुकानदार और आम लोग हाईवे के मुख्य चौक पर भूख हड़ताल पर बैठे। वहीं, जिले के गुडा सलाथिया की युवा राजपूत सभा ने गुडा सलाथिया से सुबह पैदल यात्रा शुरू की, जो कठुआ जेल पहुंचकर समाप्त हुई।
आज आ सकती है एनएचआईए की टीम
बढ़ते बवाल के बीच प्रशासन ने दावा किया है कि शनिवार को एनएचआईए की टीम सरोर टोल प्लाजा का निरीक्षण कर सकती है। हालांकि, सूत्रों का कहना है कि यह टीम 28 या 29 अगस्त को यहां आ सकती है।