अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। सरोर टोल प्लाजा को लेकर विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा। टोल संग्रह बंद नहीं होने पर युवा राजपूत सभा ने फिर सड़कों पर उतरने की तैयारी की है क्योंकि मंगलवार को अनशन पर बैठ युवक की तबीयत बिगड़ गई। उसे गंभीर हालात में जिला अस्पताल से जीएमसी जम्मू रेफर किया गया है।
युवा राजपूत सभा ने प्रधान विक्रम सिंह विक्की ने कहा-सरोर टोल को निलंबित करने की मांग पर सरकार अमल नहीं कर रही। पिछले सोमवार को वाईआरएस के 26 सदस्यों को हिरासत में लेकर कठुआ जेल भेज दिया। शनिवार को प्रशासन ने रिहा कर दिया। प्रशासन का वादा था कि दो दिन में राहत दी जाएगी, लेकिन अभी तक कोई फैसला नहीं लिया गया। इस कारण लोगों को परेशानी हो रही है। विक्रम ने आरोप लगाया कि प्रशासन द्वारा लोकतांत्रिक अधिकारों का दमन किया जा रहा है। टोल प्लाजा बंद के समर्थन में सांबा में भूख हड़ताल की जा रही है, जिसमें बैठे एक सदस्य लक्की सिंह को गंभीर हालत में जिला अस्पताल से जीएमसी जम्मू रेफर कर दिया। फिर भी सरकार पर कोई असर नहीं हो रहा। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर जल्द टोल बंद नहीं हुआ तो बड़े आंदोलन के लिए प्रशासन जिम्मेदार होगा।
प्रवक्ता विशाल सिंह ने कहा कि सरोर टोल प्लाजा को लेकर शुरू संघर्ष तब तक जारी रहेगी जब तक मामले का समाधान नहीं होगा। सरकार ने आश्वासन दिया था कि 2 दिन में उचित कार्रवाई होगी। सदस्यों ने कहा कि कुछ लोग कह रहे हैं जेल से वापस आने के बाद सभा ने मामले को छोड़ दिया, लेकिन ऐसा नहीं है। अगर सरोर टोल प्लाजा के मामले का समाधान नहीं हुआ तो उग्र प्रदर्शन करने के लिए तैयार हैं। सदस्यों ने मांगों का समर्थन करने वाले सभी संस्थाओं का धन्यवाद किया। कहा कि जम्मू-कश्मीर ट्रांसपोर्टर वेलफेयर एसोसिएशन को अगर सहयोग चाहिए तो जरूर बात करे।