जम्मू-कश्मीर में श्राइन बोर्ड स्पोर्ट्स कांपलेक्स में चल रही 73वीं नेशनल फुटबाल चैंपियनशिप संतोष ट्राफी में बुधवार को दिल्ली ने मेजबान जम्मू-कश्मीर को 2-0 से पराजित किया। दिल्ली की जीत मे मेजबान टीम के विवेक गुलाटी के सेल्फ गोल का भी योगदान रहा।
वहीं, चंडीगढ़ ने उत्तराखंड को 4-1 से मात दी। यह उत्तराखंड की लगातार दूसरी हार है। इस जीत के साथ छह अंक लेकर दिल्ली की टीम अंक तालिका में शीर्ष पर पहुंच गई है।
बुधवार को पहला मैच मेजबान जम्मू-कश्मीर और दिल्ली के बीच हुआ। मैच की शुरुआत से ही दिल्ली की टीम मेजबानों पर हावी रही। मैच के 13वें मिनट में दिल्ली के तुषार चौधरी ने गोल दागकर टीम को शुरुआती बढ़त दिलाई। मैच के 39 मिनट में जेएंडके के विवेक गुलाटी की चूक टीम को भारी पड़ी। उन्होंने 39वें मिनट सेल्फ गोल कर दिया। इससे दिल्ली 2-0 से आगे हो गई। मेहमानों ने इस बढ़त को अंतिम समय तक बनाए रखा।
दूसरे मैच में चंडीगढ़ ने उत्तराखंड को 4-1 से मात दी। पहले हाफ में कोई भी टीम गोल नहीं कर सकी। दूसरे हाफ में दोनों टीमों ने पूरी ताकत झोंक दी। उत्तराखंड की ओर से दूसरे हाफ में चिराग नेगी ने 49 वें मिनट में शानदार गोल ठोककर टीम को 1-0 से बढ़त दिलाई। इस गोल के बाद चंडीगढ़ ने शानदार वापसी करते हुए 47वें, 73वें, 54वें और 86वें मिनट में गोल ठोंक कर मुकाबला जीत लिया। चंडीगढ़ की ओर से अमित कुमार ने दो ,देवेंद्र सिंह और गौरव नेगी ने एक-एक गोल दागे।
इस मौके पर स्पोर्ट्स डायरेक्टर श्राइन बोर्ड अशोक कुमार, एसएसपी जीआरपी रंजीत सिंह संब्याल, एसडीपीओ बोधराज, होटल व रेस्तरा संघ कटड़ा के प्रधान राकेश वजीर सहित अन्य खेल व श्राइन बोर्ड के अधिकारी मौजूद थे।