जम्मू की तरफ जाने के लिए रेंगते रहे वाहन, एक घंटे का सफर तीन से चार घंटे में हो रहा पूरा
सांबा। जम्मू-पठानकोट हाईवे पर शुक्रवार को मालवाहक वाहनों का जाम लग गया। इस कारण जम्मू की तरफ जाने वाले लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। एक घंटे का सफर पूरा करने में तीन से चार घंटे लग गए।
पिछले दिनों हुई भारी बारिश से जम्मू-पठानकोट हाईवे, दियालाचक-छलां-उधमपुर मार्ग, सांबा-उधमपुर मार्ग भूस्खलन के कारण बंद होने से सभी माल वाहक वाहनों को जम्मू और मुगल रोड के रास्ते कश्मीर भेजा जा रहा है। इस कारण पठानकोट-जम्मू हाईवे पर माल वाहक वाहनों का जमावड़ा लगा हुआ है। इससे आम लोगों को भी आने जाने की परेशानी बनी हुई है। जम्मू जाने वाले कर्मचारियों और छात्रों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
छात्र रिशू, रूपाली, रितिका और रेखा ने बताया कि जाम के कारण हर रोज यूनिवर्सिटी देरी से पहुंच रहे हैं। वाहन रेंगकर निकल रहे हैं। एक घंटे का सफर तीन से चार घंटे में पूरा हो रहा है। ट्रक चालक तरसेम सिंह, रघुवीर, फैयाज और अशरफ ने बताया कि जगह-जगह राेके जाने के कारण दिक्कतें आ रही हैं। ट्रकों में कश्मीर के दुकानदारों का सामान लदा हुआ है। इसे समय पर पहुंचाना है लेकिन यहां फंसने से समय और सामान बर्बाद हो रहे हैं। गुजरात, दिल्ली से तो वह आराम से पहुंच जाते हैं जबकि जम्मू-कश्मीर में पहुंचने के लिए परेशान होना पड़ता है। पहले कठुआ के राजबाग में रोका गया उसके बाद घगवाल, विजयपुर के रिंग रोड पर रुके हुए हैं।
कोट
रात्रि के समय ट्रक चालकों को निकाला जाता है। छह टायर ट्रक चालकों को मुगल रोड से जबकि अन्यों को उधमपुर-कश्मीर मार्ग से भेजा जा रहा है। यातायात पुलिस कर्मी दिन रात मार्ग पर ड्यूटी दे रहे हैं। आम लोगों को भी सरकार की एडवाइजरी पर चलना चाहिए।
राकेश कुमार, डीटीआई ट्रैफिक पुलिस सांबा
सांबा। जम्मू पठानकोट हाइवे पर लगा वाहनों की कतारें
सांबा। जम्मू पठानकोट हाइवे पर लगा वाहनों की कतारें