भारत दर्शन यात्रा कर सांबा वापिस लौटे छात्र
सांबा। जम्मू-कश्मीर पुलिस की सिविक एक्शन योजना के तहत आयोजित छह दिवसीय भारत दर्शन यात्रा से लौटे सांबा जिले के 92 छात्रों ने दिल्ली और हैदराबाद के यादगार अनुभव साझा किए। पहली बार हवाई सफर करने वाले छात्र सुनील ने कहा कि यह अवसर उनके लिए सपने के सच होने जैसा था। छात्र राकेश ने कहा कि यात्रा के दौरान बच्चों ने लाल किला, कुतुब मीनार, इंडिया गेट, चारमीनार, सालारजंग म्यूजियम और अन्य ऐतिहासिक स्थलों का भ्रमण किया जिससे उन्हें भारत की संस्कृति, इतिहास और विविधता को नजदीक से समझने का मौका मिला। छात्रों ने बताया कि जम्मू-कश्मीर पुलिस की ओर से प्रदान की गई सुविधाएं, जिसमें एसी आवास, एसी बसें, भोजन, ट्रैकसूट किट और समुचित मार्गदर्शन ने यात्रा को बेहद आरामदायक और शिक्षाप्रद बना दिया।