सांबा-मानसर मार्ग पर छोटे वाहनों की आवाजाही शुरू करने की मांग को लेकर डीसी से मिलते लोग। संवाद
सांबा। सांबा-मानसर मार्ग पर हल्के वाहनों की आवाजाही शुरू करने की मांग को लेकर नड ब्लॉक के लोगों का शिष्टमंडल डीसी आयुषी सूदन से मिला।
लोगों ने कहा कि बारिश के चलते पस्सियां गिरने और मिट्टी के कटाव के कारण पिछले एक महीने से सांबा-मानसर मार्ग पर वाहनों की आवाजाही बंद है। इससे इलाके के स्थानीय लोगों और छोटे दुकानदारों का कामकाज और कारोबार बंद पड़ा है। उन्होंने डीसी सांबा से अनुरोध किया कि मार्ग पर हल्के वाहनों की आवाजाही को बहाल किया जाए और बड़े टैंकर ट्राली को बंद रखा जाए। डीसी ने लोगों आश्वासन दिया कि वह खुद स्थिति का जायजा लेकर जल्द कोई समाधान करवाने की कोशिश करेंगी। शिष्टमंडल में मौजूद संजय कुमार, सुरेश शर्मा, फरीद खान और सुल्तान ने डीसी की ओर से कार्रवाई का भरोसा देने के लिए आभार प्रकट किया।