लोगों के घर में बर्तन साफ करती है मृतक की पत्नी
पुलिस और प्रताड़ित करने वाले लोगों के खिलाफ किया प्रदर्शन
सांबा। कस्बे के वार्ड नंबर एक में व्यक्ति ने फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। परिजन का आरोप था कि मृतक की पत्नी पर एक परिवार ने चोरी के बेबुनियाद आरोप लगाए थे जिससे क्षुब्ध होकर पति ने आत्महत्या कर ली। पुलिस के आश्वासन के बाद मृतक का पोस्टमार्टम करवाया। इसके बाद परिवार ने अंतिम संस्कार कर दिया।
मृतक के परिजन और मोहल्ले वालों ने पुलिस और प्रताड़ित करने वाले लोगों के खिलाफ प्रदर्शन कर इंसाफ की मांग की। जानकारी के अनुसार कस्बे के वार्ड एक निवासी अजय कुमार (34) ससुराल में रहता था। रविवार को उसने घर पर ही फंदा लगा लिया। मृतक की पत्नी और सास ने आरोप लगाया कि हमारे परिवार को प्रताड़ित किया जा रहा था प्रताड़ना बर्दाश्त न करते हुए अजय कुमार ने खुदकुशी कर ली है। परिजन के अनुसार मृतक की पत्नी और तीन छोटे-छोटे बच्चे हैं। वह रंग-रोगन का काम कर परिवार चला रहा था। मृतक की पत्नी लोगों के घरों में बर्तन साफ करने का काम करती है। मृतक की पत्नी जिनके घर में काम करती है एक परिवार ने उस पर घर पर चोरी की वारदात को अंजाम देने के आरोप लगाए हैं। इसके बाद पुलिस ने मृतक की पत्नी से पूछताछ शुरू कर दी। उसने चोरी की वारदात को बेबुनियाद बताया। इसके बाद पुलिस ने अजय को पूछताछ के लिए बुलाया जिससे वह डिप्रेशन में चला गया। इसके चलते रविवार सुबह उसने जीवन लीला समाप्त कर ली। इसके बाद मृतक के शव को जिला अस्पताल सांबा में पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। वहीं मृतक की पत्नी और सास ने कहा कि हमें इंसाफ चाहिए। उन्होंने प्रताड़ित करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। इसके बाद पीड़ित परिवार ने सांबा पुलिस को लिखित शिकायत दे दी है।
कोट
मृतक के परिजन ने शिकायत दी है। परिवार पर चोरी का आरोप लगाने वालों से पूछताछ की जाएगी।
- पुश्पिंदर सिंह, थाना प्रभारी सांबा