सांबा। मवेशी चोरी के मामले में पुलिस ने 24 घंटे के भीतर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों से चोरी किए गए सभी चार मवेशी भी बरामद कर लिए हैं।
जानकारी के अनुसार 25 नवंबर को सोरड़ी पंगदौर निवासी जगतार सिंह ने पुलिस पोस्ट रख अंब टाली में शिकायत दर्ज करवाई थी। उन्होंने बताया था कि 24-25 नवंबर की रात उनके घर से अज्ञात चोर चार मवेशी चुरा ले गए। थाना सांबा में बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।पुलिस की विशेष टीम ने तकनीकी सहायता का सहारा लेते हुए बाड़ी ब्राह्मणा, बिश्नाह और दोमाना क्षेत्रों में दबिश दी और लगातार प्रयासों के बाद चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद रहमान उर्फ अनु, निवासी कोठे सैनीआं, तहसील बिश्नाह, जिला जम्मू, रमजान मोहम्मद, निवासी धरमन, तहसील बसोली, जिला कठुआ, वर्तमान निवासी रैपुर दोमाना, अबू बिलाल, निवासी मथोला भद्रवाह, जिला डोडा, वर्तमान निवासी टांडा बुर्ज, सांबा, जान मोहम्मद, निवासी झाखर शिवनगर, जिला उधमपुर वर्तमान निवासी बाड़ी ब्राह्मणा के रूप में की गई है।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए सभी चार मवेशी सुरक्षित बरामद कर लिए गए हैं। मामले में आगे की जांच जारी है।