बिश्नाह। पंडोरियां गांव में शुक्रवार रात को 16 वर्षीय युवक की साइकिल सहित नहर में गिरने से मौत हो गई। मृतक की पहचान वीरू पुत्र धनीराम निवासी छतरपुर (मध्य प्रदेश) के रूप में हुई है। परिवार के साथ बीते कुछ समय से बिश्नाह के पंडोरियां गांव में रह रहा वीरू पिता के साथ मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण कर रहा था।
वीरू शुक्रवार शाम बाजार जाने की बात कहकर साइकिल लेकर घर से निकला था। मगर रात को घर वापस नहीं लौटा। शनिवार सुबह स्थानीय लोगों ने नहर में साइकिल और युवक का शव देखने के बाद इसकी सूचना बिश्नाह पुलिस को दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर बिश्नाह उप-जिला अस्पताल भेजा। यहां पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव घर वालों को सौंप दिया है। प्राथमिक दृष्टि से मामला मृतक के नहर के ऊपर बने लोहे के पुल से फिसलने से हुआ है। इससे सिर पर चोट लगने के बाद वह पानी से बाहर नहीं निकल सका। फिलहाल बिश्नाह पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।