डॉक्टरों ने दी सुबह-शाम होने वाली ठंड से बच्चों को बचाने की सलाह
सांबा। सर्दी बढ़ने के साथ ही बच्चों में खांसी, जुकाम और बुखार की शिकायत बढ़ गई है। जिला अस्पताल में भी बच्चों की ओपीडी में बढ़ोतरी हो रही है। इस समय एक सो से अधिक बच्चों की ओपीडी हो रही है। ठंड के चलते बच्चों को सांस,खांसी के साथ जुकाम की अधिक तकलीफ बन रही है। वहीं इन दिनों वायरल बुखार भी फैल रहा है। यदि घर में किसी एक सदस्य को वायरल हो तो सभी को हो सकता है इस के लिए डॉक्टरों ने सतर्कता बरतने को कहा है।
जिला अस्पताल में बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. रोषी भगत और डॉ. रनजय दुबे ने कहा कि ठंड के बढ़ने के साथ ही बच्चों में सांस की तकलीफ, खांसी, जुकाम और बुखार की शिकायत अधिक रहती है। इसके लिए परहेज जरूरी है। यदि घर के किसी सदस्य को जुकाम, बुखार या वायरल की शिकायत हो तो मास्क पहनकर रखें। बच्चों का खास ख्याल रखें। सुबह-शाम होने वाली ठंड से बच्चों को बचाएं।