राखी लेकर मायके जा रही बहनों को झेलनी पड़ी परेशानी
संवाद न्यूज एजेंसी
सांबा। रक्षा बंधन के दिन शुक्रवार सुबह सांबा-मानसर मार्ग पर पहाड़ी से पस्सियां गिरने (भूस्खलन) के कारण सड़क पूरी तरह अवरुद्ध हो गई। मार्ग बंद होने से सांबा से मानसर, बटल और उधमपुर की ओर जाने वाले यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गईं और सैकड़ों लोग कई घंटों तक जाम में फंसे रहे।
सबसे अधिक परेशानी उन महिलाओं को हुई जो रक्षाबंधन के अवसर पर अपने भाइयों को राखी बांधने के लिए मायके जा रही थीं। जाम में फंसने के कारण कई महिलाएं समय पर अपने गंतव्य तक नहीं पहुंच सकीं। करीब तीन से चार घंटे तक यातायात ठप रहने के बाद बीआरओ की मशीनें मौके पर पहुंचीं और मलबा हटाने का अभियान चलाकर मार्ग को बहाल किया गया।
स्थानीय लोगों ने बताया कि बारिश के दौरान इस मार्ग पर आए दिन पस्सियां गिरने से सड़क बंद हो जाती है, लेकिन समस्या के स्थायी समाधान के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। उनका कहना है कि बीआरओ को संवेदनशील स्थानों पर पहले से मशीनरी तैनात रखनी चाहिए, ताकि मलबा गिरते ही तुरंत सड़क साफ कर यातायात बहाल किया जा सके।
जाम में फंसी महिलाओं रानी, कमलेश और बिमला ने बताया कि वे तीन से चार घंटे तक सड़क पर ही फंसी रहीं, जिससे अपने भाइयों के पास पहुंचने में काफी देरी हुई। उन्होंने जिला प्रशासन से मांग की कि सांबा-मानसर मार्ग पर भूस्खलन प्रभावित स्थलों का स्थायी उपचार कराया जाए तथा बीआरओ को स्टैंड बाय मशीनरी तैनात रखने के निर्देश दिए जाएं, ताकि भविष्य में लोगों को ऐसी परेशानी का सामना न करना पड़े।