जम्मू संभाग के जिला सांबा के नड ब्लाॅक के पहाड़ी गांव रियौर में अपने ही घर में शनिवार की सुबह दंपती संदिग्ध परिस्थितियों में बेहोशी की हालत में मिला। बताया जा रहा है कि परिवार में गरीबी के कारण दोनों ने जहरीले पदार्थ का सेवन किया है। परिजनों और पड़ोसियों ने जब दोनों को बेहोशी की हालत में देखा तो उन्हें जिला अस्पताल सांबा पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया, जबकि पति की हालत गंभीर बनी हुई है, उसे जीएमसी जम्मू रेफर किया गया है।
मृतक महिला की पहचान बब्बू देवी (30) और पति सिंको राम (32) पुत्र तारा चंद निवासी रियौर गांव के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह पति-पत्नी ने कोई जहरीला पदार्थ निगल लिया। ग्रामीणों का कहना है कि परिवार तंगी से गुजर रहा था, लेकिन पति-पत्नी में कभी झगड़ा होते नहीं देखा। सिंको राम और बब्बू की शादी 10 साल पहले हुई थी, उनके चार बच्चे हैं, छोटा बेटा अभी एक साल का है, जिनके सिर से मां का साया उठ गया है और पिता जीएमसी में मौत से लड़ रहा है।
जिला अस्पताल के डॉक्टर ओपी भगत के अनुसार महिला की रास्ते में ही मौत हो चुकी थी, जबकि सिंको राम को फौरी उपचार देकर राजकीय मेडिकल कॉलेज जम्मू रेफर कर दिया है। उधर, पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार महिला के अंतिम संस्कार के बाद परिवार और ठीक होने पर पति के बयान दर्ज किए जाएंगे।