मंत्रिमंडल बंटवारे से नाखुश रियासत के समाज कल्याण मंत्री सज्जाद गनी लोन ने अपना इस्तीफा मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती को भेज दिया है। हालांकि, अब तक इस्तीफा स्वीकार नहीं हुआ है। महबूबा को भाजपा के कदम का इंतजार है क्योंकि उन्होंने भाजपा कोटे से मंत्री पद की शपथ ली है।
पूर्व अलगाववादी नेता अब्दुल गनी लोन के 48 वर्षीय बेटे ने मुख्यमंत्री को इस्तीफा भेजा है। सूत्रों ने बताया कि इस्तीफा भेजने के बाद वे दिल्ली चले गए। हालांकि, उनका दिल्ली में भाजपा के किसी बड़े नेता से मिलने का कार्यक्रम नहीं है और न ही इस संबंध में मिलकर नाखुशी जताना चाहते हैं।
बताते हैं कि अपनी आंखों के इलाज के सिलसिले में वे गए हैं। मुफ्ती सरकार में पशुपालन विभाग मिलने पर भी उन्होंने नाराजगी जताई थी और कई दिनों तक मंत्री पद नहीं संभाला था। बाद में भाजपा नेताओं ने बातचीत कर उन्हें मना लिया था। तब उन्हें आश्वस्त किया गया था कि मंत्रिमंडल के फेरबदल में उन्हें महत्वपूर्ण विभाग सौंपा जाएगा।
सूत्रों का कहना है कि मंत्रिमंडल आवंटित होने के बाद ही यह खबर आई थी कि वे समाज कल्याण विभाग तथा एआरआई व ट्रेनिंग विभाग मिलने से नाराज हैं और कभी भी इस्तीफा दे सकते हैं।