हनुमान मंदिर में मूर्तियों को नुकसान पहुंचाया
पुलिस मौके पर पहुंची काली पेंट व पीले रंग की कमीज पहने युवक ने दिया घटना को अंजाम, फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
-
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। नगरोटा के नारायणा खुह स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर में मूर्तियों और फोटो को नुकसान पहुंचाया गया है। जैसे ही स्थानीय ग्रामीणों को इस बात का पता चला तो वे मंदिर के पास एकत्रित हो गए और आक्रोश जताने लगे। यह घटना शनिवार को शाम करीब साढ़े पांच बजे हुई।
लोगों ने पुलिस प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि इससे धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। बता दें कि इससे पहले भी प्रदेश में अलग-अलग जगहों पर मंदिरों में मूर्तियों की तोड़फोड़ और नुकसान पहुंचने के मामले सामने आ चुके हैं। पुलिस को सख्त कार्रवाई करनी चाहिए। लोगों की भीड़ एकत्रित होने की सूचना पाकर एसपी ग्रामीण बृजेश शर्मा और एसएचओ नगरोटा मौके पर पहुंचे। लोगों ने मंदिर में हुए घटनाक्रम के बारे में उन्हें जानकारी दी। इस पर एसपी ने कहा कि इलाके में लगे तमाम सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला जाएगा और आरोपी की पहचान की जाएगी। लोगों के अनुसार काली पेंट और पीले रंग की कमीज पहने एक युवक मंदिर के अंदर घुसा। उसी ने मूर्तियों और फोटो को नुकसान पहुंचाया। इस पर एसपी ने कहा कि एफआईआर दर्ज करने के बाद पुलिस कार्रवाई शुरू कर देगी। तीन से चार दिन के अंदर आरोपी पुलिस की हिरासत में होगा। हंगामा मचने पर फोरेंसिक लैब से टीम बुलाई गई जो देर रात तक मंदिर से साक्ष्य एकत्रित किए हैं। इन्ही के आधार पर पुलिस जांच को आगे बढ़ाएगी।
मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा
लोगों ने नारेबाजी करते हुए कहा कि आए दिन कहीं न कहीं पर मंदिरों को निशाना बनाया जा रहा है। मूर्तियां को खंडित किया जा रहा है। हिंदू धर्म और देवी-देवताओं का अपमान सहन नहीं होगा। इस मौके पर बजरंग दल से राकेश बजरंगी ने कहा कि अमरनाथ यात्रा के चलते ये साजिश हो रही है। इसका मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा।
ऐसी घटनाएं बर्दाश्त नहीं की जाएंगी
घटना की सूचना मिलने के बाद पूर्व विधायक देवेंद्र सिंह राणा ने मौके पर पहुंचकर आक्रोशित क्षेत्रीय जनता से बात की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की घटनाएं किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जा सकतीं। दोषी को जल्द गिरफ्तार किया जाना चाहिए। किसी भी धार्मिक स्थल की पवित्रता से समझौता नहीं किया जा सकता है।