पत्नी व बेटी के साथ एलओसी पर कमान पोस्ट का भी किया भ्रमण
अमर उजाला ब्यूरो
श्रीनगर। पूर्व भारतीय क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर ने गुलमर्ग स्की रिजॉर्ट में तीन दिन बिताए। जहां प्रकृति ने ताजा बर्फ के साथ उनका और उनके परिवार का स्वागत किया। सचिन के एक प्रशंसक अल्ताफ ने कहा, क्रिकेट के भगवान सबसे धन्य इंसानों में से एक होंगे, क्योंकि गुलमर्ग में उनके आगमन पर भारी बर्फबारी हुई, जिसके लिए स्नो वंडरलैंड में स्कीयर्स व कश्मीरियों ने तीन महीने से अधिक समय तक इंतजार किया।
एक रिसॉर्ट में रुकने के दौरान सचिन, उनकी पत्नी अंजलि और बेटी सारा बर्फबारी का आनंद लेने के लिए बाहर निकले। सचिन ने गुलमर्ग में कुछ देर स्नो बाइक भी चलाई। उन्होंने बुधवार को गुलमर्ग-श्रीनगर रोड पर कुंजर क्षेत्र में स्थित कला एवं शिल्प केंद्र का दौरा भी किया। केंद्र में शॉल और कालीन बुनकरों से सचिन और उनके परिवार के सदस्यों ने बातचीत की। वहां पर भी फैन उनकी एक झलक पाने के लिए उत्सुक दिखे। कुंजर से सचिन परिवार सहित बारामुला जिले के उड़ी सेक्टर में नियंत्रण रेखा पर कमान पोस्ट िस्थत अमन सेतु पुल पर पहुंचे। एक अधिकारी ने बताया कि मास्टर ब्लास्टर अपने परिवार सहित एलओसी के पास स्थित कमान पोस्ट पर पहुंचे। यहां उन्होंने कुछ समय बिताया और जवानों से बातचीत की। अपने परिवार के साथ तस्वीरें खिचवाईं। फिर यहां से श्रीनगर के लिए रवाना हो गए। जानकारी के अनुसार वे प्रसिद्ध डल झील के किनारे स्थित ताज विवांता रिसॉर्ट में रात को रुके हैं।