मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती और रियासत के मंत्री अब्दुल रहमान वीरी
- फोटो : File Photo
घाटी का माहौल बिगाड़ने के लिए इन दिनों अफवाहों का दौर चल रहा है। मंगलवार को मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती और रियासत के मंत्री अब्दुल रहमान वीरी के काफिले पर दक्षिणी कश्मीर में हमले की खबर सोशल मीडिया पर वायरल हुई। बाद में पुलिस ने इन खबरों को बेबुनियाद बताते हुए कहा कि अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
मंगलवार को सोशल मीडिया पर खबर वायरल हुई कि प्रचार के सिलसिले में दक्षिणी कश्मीर गईं महबूबा के काफिले पर अनंतनाग जिले के अच्छाबल इलाके में पथराव हुआ है। कुछ देर बाद वीरी पर बिजबिहाड़ा के दुपतयार इलाके में चुनाव प्रचार के दौरान पथराव की खबर वायरल हुई।
स्थानीय सूत्रों ने बताया कि लोगों को संबोधित करने के बाद जब वीरी वहां से निकल रहे थे तो इसी दौरान दो गुटों के बीच किसी बात को लेकर गरमागरम बहस हुई।
बात इतनी बढ़ गई कि दोनों पक्षों में हाथापाई होने लगी और पथराव भी शुरू हो गया। पुलिस प्रवक्ता के अनुसार अफवाहें फैलाने वाले चिह्नित किए जा रहे हैं। इनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। अफवाहों से माहौल बिगड़ सकता है, जिसकी किसी को इजाजत नहीं दी जाएगी।