पिछले एक माह से बाढ़ की समस्या का सामना कर रहे कश्मीर के लोगों में एक नया डर बैठ गया है। कश्मीर में अफवाह है कि सरकार कुछ एजेंसियों से एयर ब्लास्ट करवा रही है। इससे उनके मकानों की मजबूती का पता चल सकेगा, जबकि कमजोर मकान इन ब्लास्ट का सही तरीके से सामना नहीं कर पाएंगे।
इसके अलावा फिर बारिश होने की आशंका रहेगी। यह अफवाह इतनी जबरदस्त तरीके से फैली है कि इन दिनों लोगों में यही चर्चा का विषय बनी है। हालांकि कश्मीर के डिवीजनल कमिश्नर रोहित कांसल ने इन चर्चाओं को कोरी अफवाह बताया है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सरकार एजेंसियों के मार्फत न तो कुछ ऐसा कर रही है और न ही सरकार की कोई योजना है। लोगों को घबराने या डर की कोई जरूरत नहीं है।
कुछ लोगों द्वारा इस तरह की अफवाहें फैलाई जा रहीं हैं। उधर, चीफ इंजीनियर आरएंडबी एसके राजदान ने उन खबरों का खंडन किया है, जिसमें उनके हवाले से कहा गया कि कश्मीर में भूकंप आने की आशंका है। राजदान ने कहा कि लोगों से अपील की गई थी कि जिन इलाकों में लंबे समय तक मकानों के एक फ्लोर तक बाढ़ का पानी जमा रहा, वहां इमारतों की नींव को नुकसान पहुंच सकता है, लेकिन भूकंप जैसी कोई बात नहीं कही गई थी।