पंजतीरथी से नीकलती आर एस एस की पथ संचलन
जम्मू। शहर में रविवार को आरएसएस की ओर से पथ संचलन निकाले गए। इस दौरान देश भक्ति के नारे और गीत गाए गए। राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ की ओर से निकाले गए पथ संचलन में भगवा ध्वज के साथ झांकी का प्रस्तुतीकरण किया गया। शास्त्री नगर, लास्ट मोड़ गांधीनगर, नई बस्ती, रामपुरा के अलावा सतवारी और जीवन नगर में निकाले गए अलग-अलग पथ संचलन कार्यक्रमों में स्वयं सेवकों ने पूर्ण गणवेश में हिस्सा लिया। मार्ग के मुख्य चौराहों और विभिन्न स्थानों पर शहरवासियों ने पुष्प वर्षा कर स्वयं सेवकों का स्वागत किया।
शास्त्री नगर पार्क में शस्त्र पूजन और विद्या भारती के संगठन मंत्री एवं प्रचारक प्रदीप कुमार के बौद्धिक के बाद पथ संचलन कार्यक्रम की शुरूआत हुई। आरएसएस की प्रदेश टोली के मुख्य नेता ओडिशा में अखिल भारतीय कार्यकारिणी की बैठक में होने की वजह से कार्यक्रम में मौजूद नहीं रहे। हालांकि स्थानीय नेताओं ने कार्यक्रम का बेहतर तरीके से संचालन करवाया। नगर कार्यवाह डॉ. विनोद और सह नगर कार्यवाह पवन गुप्ता की देखरेख में निकला पथ संचलन शास्त्री नगर, दुधाधारी चौक, लास्ट मोड़, रामपुरा, नई बस्ती, श्मशान घाट चौक से होते हुए शास्त्री नगर पार्क में संपन्न हुआ। इसी तरह सतवारी मंदिर से पथ संचलन कार्यक्रम हुआ जो विभिन्न कालोनियों से होकर गुजरा। उधर, पुराने शहर में भी पंथ संचलन किया गया। इस दौरान देश भक्ति के नारे और गीत गाए गए। पूरे कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा के भी बड़े इंतजाम रहे।