कांग्रेस में टिकटों को लेकर जोड़तोड़ शुरू हो गई है। पार्टी कार्यकर्ताओं में स्थानीय उम्मीदवार को तवज्जो न देने पर विरोध स्वर उभरने लगे हैं। रविवार को जिला कांग्रेस कमेटी के महासचिव जंग बहादुर शर्मा ने सैकड़ों समर्थकों के साथ पूर्व सांसद मदन लाल के निवास पर विरोध जताया।
उन्होंने साफ किया कि अगर जम्मू ईस्ट से स्थानीय उम्मीदवार को प्राथमिकता नहीं दी जाती है तो उनके साथ सैकड़ों समर्थक आगामी विस चुनाव में पार्टी के लिए काम नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि हाईकमान की ओर से ऐसे विस क्षेत्रों में बाहरी लोगों को टिकट दी जाती रही है, जिससे आम कार्यकर्ताओं रोष बढ़ा है।
जो कार्यकर्ता वर्षों से पार्टी के लिए जनता से जुड़कर काम कर रहे हैं, उन्हें आखिर में बाहर कर दिया जाता है लेकिन अब इसे बर्दाश्त नहीं किया। आगामी विस चुनाव में बाहरी उम्मीदवार को कोई समर्थन नहीं दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि वह पार्टी के लिए पिछले 22 साल से जुड़े हैं।
इससे पूर्व पुराने शहर में पुरानी मंडी क्षेत्र से जंग बहादुर के साथ सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने रैली की शक्ल में पूर्व सांसद के निवास पर कूच किया। इस दौरान राजेंद्र सिंह जंबाल, शैली गुलाटी, चैन सिंह आदि मौजूद रहे। इस पर पूर्व सांसद ने भरोसा दिलाया कि इस मामले को हाईकमान के समक्ष रखा जाएगा।