जम्मू। कोरोना के बढ़ते मामलों के चलते हाईकोर्ट के साथ अन्य अदालतों में सोमवार को आम लोगों की आवाजाही रोक दी गई। मुख्य गेट पर पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया है। बहुत ही जरूरी कार्य के लिए पहुंचने वाले लोगों को ही अदालत परिसर में जाने की अनुमति दी गई। मंगलवार को आदेश और सख्ती से लागू किया जाएगा। सोमवार को हाईकोर्ट के बाहर बड़े स्तर पर लोगों को रोका गया और इससे जमावड़ा लग गया।
कई लोगों को जानकारी नहीं थी कि कोर्ट आने के लिए बंदिशें दोबारा लागू कर दी गई है। इसके बावजूद लोग अपने कार्यों के लिए कोर्ट पहुंच गए थे। सहयोगी अदालतों में भी ऐसा ही देखने को मिला। अदालतों में आने वाले लोगों को पुलिसकर्मी रोकते हुए दिखे। बता दें कि हाईकोर्ट ने तमाम अदालतों में आम लोगों की आवाजाही बंद कर दी है। ब्यूरो