संवाद न्यूज एजेंसी
ज्यौड़ियां। सीमावर्ती क्षेत्र पलांवाला बस अड्डा से लेकर ज्यौड़ियां बाजार तक 12 किलोमीटर लंबी मुख्य सड़क की हालत अनदेखी के चलते खराब हो गई है। इस कारण हर आए दिन हादसे हो रहे हैं, जिस कारण लोगों में प्रशासन और विभाग के खिलाफ रोष व्याप्त है। उन्होंने जल्द सुध लेकर मार्ग की मरम्मत करवाने की मांग उठाई है।
सीमावर्ती गांव पंजतूत निवासी विजय कुमार, बिटटू सिंह, पंचायत हमीरपुर सिदड़ के पूर्व सरपंच तरसेम सिंह और चौधरी बलवान सिंह आदि ने बताया कि पलांवाला से लेकर ज्यौड़ियां सड़क की हालत काफी खराब हो गई है। इस कारण क्षेत्र की करीब 15 पंचायतों के लोग दिक्कतों का सामना करने के लिए मजबूर हैं। रोजाना पंचायत हमीरपुर सिदड़, पंचायत सैंथ, बदोवाल, लोअर पलांवाला, कोटमैरा लोअर और पलातन आदि के लोग आवागमन करते हैं। लोगों के अनुसार यह सड़क सिंगल है और सड़क के बीच और किनारों पर पड़े गड्ढे हादसों को न्योता दे रहे हैं। सड़क पर अधिक यातायात होने के कारण आए दिन दुर्घटनाओं का सामना करना पड़ता है। लोगों ने सरकार से सड़क की जल्द मरम्मत और डबल लाइन करने की मांग उठाई है।
पलांवाला से लेकर ज्यौड़ियां तक इस सिंगल और खस्ताहाल सड़क के चलते छंब विधानसभा क्षेत्र की 15 पंचायतों के लोग परेशान हैं। लोगों को आवागमन करने में बहुत दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। यह क्षेत्र सीमावर्ती है। बॉर्डर पर कभी भी कुछ भी हो सकता है। इसलिए मार्ग की जल्द मरम्मत करवाई जाए।
- चौधरी बहादुर सिंह, सरपंच, पंचायत अपर पलांवाला
इस सड़क की हालत बहुत ही खराब है। सड़क में पड़े गड्ढों और तंग मार्ग के चलते वाहन चलाने में काफी मुश्किल होती है। प्रशासन से मांग है कि सड़क को डबल लाइन करने के साथ ही इसकी दशा में भी सुधार किया जाए। सड़क की इस हालत की वजह से आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं।
- विजय सिंह भाऊ, सरपंच, पंचायत पलातन