बिलावर। लोक निर्माण विभाग की ओर 15 वर्ष पहले बिलावर उपमंडल के दूरदराज इलाकों को जोड़ने के लिए धार डुग्गनू सड़क का निर्माण शुरू किया था, जो आज भी पूरा नहीं हो सका है। सात किलोमीटर लंबी सड़क के अंतिम दो किलोमीटर हिस्से में न तो कंकर बिछाए हैं और न ही जल निकासी का प्रबंध किया गया है। इस कारण यह सड़क कम समस्या ज्यादा है।
स्थानीय निवासी रूप लाल, पुरुषोत्तम कुमार, देश राज, मस्त राम आदि ने बताया कि आए दिन सड़क पर फिसलन बढ़ जाती है, जिससे कई घंटों तक यातायात प्रभावित हो जाता है। कई बार संबंधित विभाग से समस्या के समाधान की गुहार लगाई है, लेकिन समस्या जस के तस है। बारिश के बाद तो छठे और सातवें किलोमीटर पर पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है। लोगों ने लोक निर्माण विभाग से मांग की है कि जल्द सड़क के छठे और सातवें किलोमीटर की मरम्मत करने के साथ ही आरबीएम व कंकर बिछाया जाए। इससे वाहन चालकों और राहगीरों को राहत मिलेगी।
छठे और सातवें किलोमीटर की मरम्मत के लिए 4.75 करोड़ की डीपीआर बनाकर उच्चाधिकारियों को भेजी गई है। मंजूरी मिलने और राशि उपलब्ध होते ही सड़क की मरम्मत व अन्य कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
- भारत भूषण, अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग