घाटी के ऊपरी इलाकों में हुई बर्फबारी की वजह से कई इलाकों का संपर्क कट गया है। बर्फबारी के चलते एहतियातन श्रीनगर लेह राष्ट्रीय राजमार्ग, जम्मू श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग और मुगल रोड को यातायात के लिए बंद कर दिया गया है।
शुक्रवार सुबह से ही बर्फबारी की वजह से श्रीनगर जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग पर किसी भी वाहन को जम्मू की ओर जाने की अनुमति नहीं दी गई।
ट्रैफिक पुलिस के एक अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि जवाहर टनल पर करीब 8 से 9 इंच तक बर्फबारी होने से फिसलन पैदा हो गई है।
इसके चलते वाहनों की आवाजाही रोक दी गई है। इसके अलावा बर्फबारी की वजह से मुगल रोड पर भी यातायात ठप रहा। किसी भी वाहन को शोपियां जिले के हिरपुरा गांव से आगे जाने की अनुमति नहीं दी गई।
श्रीनगर लेह राष्ट्रीय राजमार्ग पर जोजीला पास पर बर्फ जमा होने के चलते राजमार्ग पर यातायात ठप रहा। जो वाहन लेह की ओर जा रहे थे उन्हें सोनमर्ग में ही रोक दिया गया जबकि श्रीनगर आने वाहनों को द्रास से आने आने की अनुमति नहीं मिली।
गौरतलब है कि शुक्रवार शाम को मौसम में हल्का सुधार और बर्फबारी के रुकते ही श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग को खोला गया। शनिवार को यात्रा करने से पूर्व लोगों को ट्रैफिक कंट्रोल रूम से संपर्क करने को कहा गया है।