आतंकी द्वारा मारे गए युवक का बनाया था वीडियो
- फोटो : सोशल मीडिया
15 नवंबर साल 2018, घाटी में आतंकियों ने पहली बार आईएस की तर्ज पर एक युवक की हत्या की थी। साथ ही इस हत्या का वीडियो जारी किया था। इसमें युवक को गोलियों से भूनते हुए दिखाया गया था। वीडियो के जरिए इंसानियत के दुश्मन हिज्ब कमांडर रियाज नायकू ने हत्या की बात कबूली और उसने चेतावनी देते हुए कहा कि जो भी मुखबिरी करेगा, उसे इसी अंजाम तक पहुंचाया जाएगा।
गौरतलब है कि दक्षिणी कश्मीर के शोपियां जिले के सफानगरी गांव से उस रात एक 18 वर्षीय युवक को आतंकियों ने अगवा किया था। उसका शव दूसरे दिन पुलवामा में बरामद किया गया था। इसके बाद आतंकी रियाज नायकू का एक वीडियो वायरल हुआ।
17 सेकेंड के इस वीडियो में आतंकी युवक से पूछ रहे थे कि उसने उनके साथियों को क्यों मरवाया। इससे पहले कि युवक कुछ बोलता आतंकियों ने उसे गोलियों से भून दिया। घाटी में आतंकियों की ओर से इस प्रकार का पहला वीडियो जारी किया गया था।
इसके साथ ही एक ऑडियो संदेश में हिज्ब कमांडर रियाज नायकू का कबूलनामा था। रियाज ने कहा कि सफानगरी में हुई मुठभेड़ में दो आतंकी मारे गए थे। पूरी तहकीकात के बाद हमने मुखबिर ढूंढ़ निकाला और उसे अंतिम अंजाम तक पहुंचाया। उसने लोगों से अपने बच्चों को मुखबरी से दूर रखने की अपील की थी।